अमर भगत
पाकुड़ (आमड़ापाड़ा): प्रखंड के पचुआरा केवट टोला में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमन कुमार केवट के घर में एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। अचानक घर के भीतर सांप नजर आने से परिवार के सदस्य दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू एक्सपर्ट ने सावधानी और कुशलता के साथ करीब साढ़े पांच फीट लंबे स्पेक्टेकल्ड कोबरा (गेहुअन नाग) को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित डिब्बे में रखा गया है, जिसे वन विभाग के निर्देशानुसार उपयुक्त जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार स्पेक्टेकल्ड कोबरा बेहद विषैला सांप होता है, जिसकी पहचान उसके फन पर बने चश्मे जैसे निशान से होती है। रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाएं, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।






