Search

May 23, 2026 9:36 am

क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ एबीवीपी का बड़ा मोर्चा, सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम, केकेएम कॉलेज में होगा छात्र शक्ति का प्रदर्शन।

पाकुड़। झारखंड सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लागू किए जा रहे प्रस्तावित ‘क्लस्टर सिस्टम’ के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पाकुड़ इकाई ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो कल दोपहर 1:00 बजे केकेएम कॉलेज में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। एबीवीपी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि शिक्षा सुधार के नाम पर लागू किया जा रहा यह क्लस्टर सिस्टम गरीब, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। संगठन का आरोप है कि इस व्यवस्था से वर्षों से संचालित स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) विषयों के कई कोर्स प्रभावित होंगे, जिससे छात्रों के शैक्षणिक विकल्प सीमित हो जाएंगे।
प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कहा कि क्रेडिट ट्रांसफर प्रणाली और विभिन्न कॉलेजों में कक्षाओं के संचालन के कारण छात्रों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाना पड़ेगा, जिससे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे क्लास अटेंडेंस और परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि B.Ed, BBA और BCA जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को सेल्फ-फाइनेंस मोड में रखकर शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र इन पाठ्यक्रमों से वंचित हो सकते हैं। साथ ही, शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति के बजाय ‘शिक्षकों के साझा पूल’ की व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों के आउटसोर्सिंग को लेकर भी संगठन ने आपत्ति जताई।
वहीं, ABVP के जिला जनजाति प्रमुख चंदन पहाड़िया ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम के तहत क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं—जैसे संथाली, पहाड़िया, बांग्ला, ओड़िया, मैथिली और उर्दू—के विभागों के मर्जर या बंद होने की आशंका है, जिससे स्थानीय भाषाई शिक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण एवं जनजातीय छात्रों की शैक्षणिक पहुंच और अवसरों पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अलग-अलग कॉलेजों से क्रेडिट सिस्टम के तहत डिग्री प्रक्रिया में दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान तकनीकी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे छात्रों को भविष्य में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ABVP ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए छात्र हितों को ध्यान में रखा जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो K.K.M. कॉलेज परिसर में निर्धारित समय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!