Search

April 29, 2026 9:11 pm

उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में नीट 2026 की तैयारी समीक्षा, कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सुचारू, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा तथा सभी संबंधित विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।जिला अंतर्गत दो परीक्षा केंद्र डिस्ट्रिक्ट सी०एम० स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ में 154 एवं पाकुड़ पॉलिटेक्निक में 360 परीक्षार्थी, कुल 514 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रारंभ होगा तथा अपराह्न 1:30 बजे के बाद प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। बैठक के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था, सतत निगरानी, प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच तथा पहचान पत्र का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला टीम तथा पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष टीम द्वारा कराई जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर चिट-पुर्जा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अथवा अन्य अवांछित सामग्री लेकर प्रवेश न कर सके।इसके अलावा केंद्रों पर बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नीट परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित एसओपी के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों सहित सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि रिपोर्टिंग समय, सुगम प्रवेश, परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिले। परीक्षा केंद्रों पर एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड एवं फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, स्टेशनरी, आभूषण अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्र के भीतर केवल परीक्षा संचालन से संबंधित पदाधिकारी, वीक्षक एवं कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। किसी भी बाहरी अथवा अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बैठक में परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं बल को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर केंद्राधीक्षक के निर्देशानुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ सहित अन्य पदाधिकारी, केन्द्राधीक्षक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!