पाकुड़। वर्षों से चली आ रही मांग और लगातार उठते सवालों के बीच आखिरकार गुरुवार को शहर के कई इलाकों में गंगाजल पहुंचना शुरू हो गया। बृहद शहरी जलापूर्ति योजना के तहत राज हाई स्कूल, कालिकापुर, दुर्गा कॉलोनी और शिवपुरी कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिए घर-घर पानी की सप्लाई शुरू की गई। दोपहर 12 बजे राज हाई स्कूल, कालिकापुर परिसर में योजना का उद्घाटन हुआ। इसके बाद संबंधित मोहल्लों में कनेक्शन चालू कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई। अब इन क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह 8 से 9 बजे तक नियमित पानी मिलेगा। पहली बार घरों में गंगाजल पहुंचने से लोगों के चेहरे खिल उठे और इसे बड़ी राहत बताया। हालांकि, इस योजना को जमीन पर उतरने में वर्षों लग गए। नगर पालिका की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठते रहे, जो जायज भी थे। वहीं, देरी के लिए पीएचईडी विभाग की सुस्ती को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। प्राक्कलन में बार-बार बदलाव, लागत में लगातार बढ़ोतरी और पाइप चोरी जैसी घटनाओं ने योजना को लंबे समय तक अटका कर रखा। इन तमाम बाधाओं के बाद अब जाकर कुछ मोहल्लों तक पानी पहुंच पाया है, जिससे लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही पूरे शहर को इसका लाभ मिलेगा। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष साबरि पाल, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष राणा ओझा, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अनंत कुमार, सहायक अभियंता अभिजीत किशोर, नगर परिषद के सहायक अभियंता पीयूष शंकर, नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा, कनीय अभियंता सुमन सौरव सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









