राजकुमार भगत
पाकुड़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पाकुड़ जिला कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। जिला अध्यक्ष शमसाद आलम के नेतृत्व में शहरकोल पंचायत के बालियाडांगा गांव में कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। वहीं, जिला कार्यकारिणी के विस्तार के साथ सदस्यता अभियान और पंचायत, प्रखंड व बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति भी तैयार की गई। जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली। साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा से लोगों को अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की गई। जिला अध्यक्ष शमसाद आलम ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचना नहीं, बल्कि लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना है। इसी क्रम में 9 अगस्त को जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि कार्यकारिणी विस्तार का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को गति देना है। आने वाले दिनों में पूरी जिला कमेटी का भी विस्तार किया जाएगा। इसमें सक्रियता, निष्ठा, कार्यकुशलता और जनसंपर्क के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि AIMIM का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाना है। अभियान में मिथलेश कुमार ठाकुर, याफोस अली, एनी रोज मुर्मू, शालिनी बेनजियाम, रंजना देवी, अनवार हुसैन समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।





