हिरणपुर। मंझलाडीह पंचायत के अंगुठिया गांव में गुरुवार को 77वां वन महोत्सव मनाया गया। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, डीएफओ सौरभ चंद्रा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उपायुक्त ने कहा कि पेड़ सिर्फ पेड़ नहीं, बल्कि पूरा पारिस्थितिकी तंत्र हैं। मनुष्य से लेकर पक्षी, जीव-जंतु और कीट-पतंगे तक इन पर निर्भर हैं। उन्होंने जिलेवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल कर उसे पेड़ बनाने की अपील की। उन्होंने नीम, जामुन, आम, कटहल और महुआ जैसे स्थानीय फलदार पौधे लगाने पर जोर दिया। साथ ही विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन बनाए रखने की जरूरत बताई। डीएफओ सौरभ चंद्रा ने कहा कि वन महोत्सव को केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना होगा। पौधा लगाने के बाद उसकी सुरक्षा और देखभाल करना ही वास्तविक संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच रेस्क्यू किट, महुआ नेट, वृद्धा पेंशन स्वीकृति पत्र, टोकरी-कुदाल, जाति व निवास प्रमाण पत्र, साइकिल और श्रम कार्ड समेत अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।








