सानू कुमार
महेशपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय महेशपुर परिसर में रविवार को झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ प्रखंड इकाई महेशपुर की बैठक हुई. वही बैठक की संचालन रानी किस्कू ने की. बैठक में मुख्य रूप से संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह पाकुड़ जिला प्रभारी भुंडा बास्की शामिल रहे. बैठक में आगामी 16 फरवरी 2024 देशव्यापी हड़ताल को सफल करने के लिए विशेष रूप से विचार विमर्श किया गया. बैठक को संबोधित करते हुए संघ के राज्य उपाध्यक्ष सह पाकुड़ जिला प्रभारी भुंडा बास्की ने कहा कि संघ द्वारा राज्य व्यापी अनिश्चित कालीन 10 फरवरी 2024 से हड़ताल पर जाने के लिए आंदोलन तय था, लेकिन राज्य में परिस्थिति बदली है और सरकार भी बदल गयी है. झारखंड का मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बने हैं. कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया है. विधानसभा का सत्र 9 फरवरी से चलना था. सत्र स्थगित हो गया है, इसलिए रसोइया संघ का अनिश्चित कालीन हड़ताल को तत्काल स्थगित कर दिया गया है. कहा कि आगामी 16 फरवरी 2024 को ऑल इंडिया स्कीम वर्कर फेडरेशन का देशव्यापी हड़ताल पर जाने के लिए ऐलान किया गया है. दुमका जिले के जिला मुख्यालय में हजारों की संख्या में उतरकर अपनी जायज मांग को मनवाने के लिए एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को सफल करेगी. देशव्यापी हड़ताल को सफल करने के लिए जिले भर से एक हजार रसोइया उपराजधानी दुमका जाएगी. उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से रसोइया बहनें का एक पैसा भी नहीं बढ़ाया है. मध्याह्न भोजन योजना का नाम बदल कर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना कर दिया गया है. उल्टे इस योजना को अक्षय पात्रा कंपनी के निजी हाथों में सौंपा जा रहा है. संघ इसे पुरजोर विरोध करेगा. मौके पर संघ के सदस्य सुशांति हेम्ब्रम, मेलोन मरांडी, मोनिका मरांडी, मालोती देवी, दीदी मुर्मू, बंसती हांसदा, लखी मंडल, आशा माल, साबिना बीबी, नसीमा बीबी, बिनाकिरण बेसरा, सोनोती किस्कू, सेलेना हेम्ब्रम सहित अन्य मौजूद थे।





