Search

June 17, 2026 12:10 am

विद्यालय भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, डंगाकुड़ियां में ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल

15 इंच के पिलर में मानक से कम छड़ लगाने का आरोप, घटिया सामग्री इस्तेमाल की शिकायत; जांच की मांग तेज

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): प्रखंड क्षेत्र के जामजोड़ी पंचायत अंतर्गत डंगाकुड़ियां गांव में निर्माणाधीन विद्यालय भवन को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण कार्य में तय मानकों की अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और भविष्य में भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य में 15 इंच के पिलर में निर्धारित मानक के विपरीत 12 एमएम छड़ का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा कुर्सी (कॉलम बेस) की ढलाई भी मानकों के अनुरूप नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि ढलाई की मोटाई कम रखी जा रही है और निम्न गुणवत्ता वाली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की उम्र और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इस कारण योजना की लागत, कार्य एजेंसी, संवेदक का नाम, तकनीकी स्वीकृति और कार्य अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार जल्दबाजी में निर्माण कार्य पूरा करने में जुटे हैं, जबकि गुणवत्ता को नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। यदि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह भवन खतरे का कारण बन सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार विभागीय अभियंता और अधिकारी नियमित निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य में कथित गड़बड़ी हो रही है।
इस मामले में कार्यपालक अभियंता संजय कुमार से दूरभाष पर 15 इंच के पिलर में 12 एमएम छड़ लगाए जाने को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कार्य स्टीमेट के आधार पर किया जा रहा है। वहीं कनीय अभियंता (जेई) फैजल अयूब ने बताया कि 15 इंच के पिलर में दो पीस 16 एमएम छड़ लगना चाहिए तथा कुर्सी की ढलाई 10 इंच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संवेदक द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार कार्य नहीं किया गया है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कब तक होती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!