पाकुड़ में नगर थाना से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में पांच दुकानों और एक होटल को निशाना बना डाला। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, नगर थाना के सामने स्थित रथ मेला मैदान में देर रात चोरों ने कई दुकानों में धावा बोला। बर्तन व्यवसायी शैलेन्द्र साव ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 30 किलो कांस्य बर्तन चोरी कर लिए गए, जिसकी कीमत करीब 30 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं शत्रुघ्न साव की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। हालांकि दुकान का तिरपाल फाड़ दिया गया। इधर हाटपाड़ा स्थित हटिया परिसर में किराना व्यवसायी गोपाल साहा और तापेश की दुकानों का ताला तोड़ दिया गया। हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ, लेकिन घटना से दुकानदारों में भय का माहौल है। वहीं थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित शंकर होटल को भी चोरों ने निशाना बनाया। होटल संचालक शिव शंकर साह ने बताया कि चोर टाली उखाड़कर अंदर घुसे और करीब साढ़े आठ हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनके होटल में यह तीसरी चोरी की घटना है। शिव शंकर साह ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर थाना पहुंचने पर पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उनसे ही ऊल-जुलूल सवाल पूछने शुरू कर दिए, जिससे वे काफी नाराज दिखे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यवसायियों ने जल्द कार्रवाई, गश्ती बढ़ाने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।









