पाकुड़। झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा पर मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के कान्हपुर में अवैध पत्थर उत्खनन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला झारखंड के कान्हपुर और पश्चिम बंगाल के राजग्राम सीमा क्षेत्र से जुड़ा है, जहां कथित रूप से एक बड़े पत्थर व्यवसायी द्वारा अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाया गया है। सीमा विवाद के कारण पहले तकनीकी जांच में आ रही दिक्कतों को देखते हुए इस बार प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। गठित जांच टीम ने सर्वेयर, स्थानीय अमीन और ड्रोन कैमरे की मदद से अंतरराज्यीय सीमा की सटीक मापी कर खनन क्षेत्र का निर्धारण किया। मौके पर एसडीओ साइमन मरांडी, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार और सीओ अरविंद कुमार बेदिया मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच का प्रारंभिक चरण है और सीमा निर्धारण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि खनन झारखंड क्षेत्र में हुआ है या नहीं। खनन पदाधिकारी ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। इस दौरान मालपहाड़ी ओपी पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।






