पाकुड़िया। झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी की पहल पर ओडिशा में निधन हुए बड़ासिंहपुर निवासी बिरजू सोरेन का शव रविवार को एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बिरजू सोरेन करीब 15 दिन पहले पत्नी के साथ रोजगार के लिए हैदराबाद गए थे। तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों झारखंड लौट रहे थे। इसी दौरान ओडिशा के ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पर उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उपचार और मदद के प्रयास के बीच 24 जुलाई की रात स्टेशन पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजन शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार करना चाहते थे। इसकी जानकारी मिलने पर उपासना मरांडी ने तत्काल पहल की और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद शव को ओडिशा से बड़ासिंहपुर लाया गया। गांव पहुंचकर उपासना मरांडी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को गांव तक पहुंचाने में मदद करने के लिए उपासना मरांडी के प्रति आभार जताया। मौके पर झामुमो जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, जगन मुर्मू, प्रकाश यादव, कॉर्नेलियस मरांडी, मनोज हेंब्रम समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।







