Search

September 17, 2026 2:42 am

खनिज कानून के विरोध में झामुमो का हुंकार, जिलाध्यक्ष बोले—हक नहीं मिला तो पाकुड़ से उठेगा बड़ा आंदोलन।

पाकुड़। गोकुलपुर स्थित बाजार समिति के हॉल में रविवार को झामुमो जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर पार्टी नेताओं ने तीखा विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जमीन हमारा, अधिकार तुम्हारा नहीं चलेगा” के नारे लगाते हुए आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाने का संकल्प लिया। राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल्दबाजी में विधेयक पारित कराकर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन झारखंड की होगी, विस्थापन यहां के लोगों का होगा और खनिजों से होने वाला लाभ केंद्र को मिलेगा, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झामुमो इस कानून के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेगा और इसे वापस कराने तक संघर्ष जारी रखेगा। महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और इससे मिलने वाले राजस्व से विकास योजनाएं संचालित होती हैं। नए कानून का असर राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा। वहीं लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने इसे झारखंड और झारखंडियों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि राज्य के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि केंद्र सरकार ने कानून वापस नहीं लिया तो झामुमो पाकुड़ के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत और शहर में व्यापक आंदोलन करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को कानून की जानकारी देने और आंदोलन के लिए तैयार करने का आह्वान किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, हरिवंश चौबे, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव समेत अन्य नेताओं ने भी विचार रखे। आंदोलन की तैयारी के लिए प्रखंड स्तर पर होने वाली बैठकों में जिला पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।

img 20260816 wa00225802472566243144042
img 20260816 wa00203396970609264217280

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!