Search

August 26, 2026 7:24 am

झारखंड की सीमाओं पर बढ़ रही घुसपैठ पर भाजपा सख्त, जनजातीय सम्मान की रक्षा को संकल्पित पार्टी — अशोक भगत

प्रदेश उपाध्यक्ष बोले — झारखंड की संस्कृति, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा के लिए भाजपा प्रतिबद्ध।

धरती आबा की धरती पर भाजपा का संकल्प।

पाकुड़। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने गुरुवार को पाकुड़ जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि झारखंड की सीमाओं पर बढ़ रही बांग्लादेशी घुसपैठ राज्य की जनजातीय पहचान और सांस्कृतिक अस्मिता के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस खतरे को लेकर सजग है और राज्य की भूमि, भाषा और संस्कृति की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने जनजातीय समाज के सम्मान और गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजाति समाज के सम्मान को नया आयाम दिया। यह केवल जनजातियों का नहीं, बल्कि झारखंड के साढ़े तीन करोड़ लोगों का सम्मान है।
अशोक भगत ने कहा कि भाजपा ने हमेशा झारखंड की अस्मिता और जनभावनाओं का सम्मान किया है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग राज्य गठन का सपना साकार किया और संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा तथा जनजातीय कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं — पीएम जनमन योजना, एकलव्य आवासीय विद्यालय, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना आदि से लाखों आदिवासी परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। अशोक भगत ने बताया कि भाजपा 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस को उत्सव के रूप में मनाएगी। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय वीरों की प्रतिमाओं की सफाई, दीपोत्सव, शोभा यात्रा और जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित होंगे। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत और सपन दुबे उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!