अमर भगत
अमड़ापाड़ा (पाकुड़): संथाल परगना में संगठन को और धारदार बनाने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अमड़ापाड़ा स्थित आर.एस. पैलेस में प्रमंडल स्तरीय संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की। दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज जिले के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बूथ सशक्तिकरण अभियान, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की सफलता इसी पर निर्भर करेगी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्र एवं सुनील सोरेन, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, पूर्व विधायक अनंत ओझा समेत दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज के जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।








