Search

September 15, 2026 8:37 pm

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, दो दिन से था लापता।

अमर भगत

पाकुड़/अमड़ापाड़ा। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के अमीरजोला गांव के समीप बुधवार शाम सड़क किनारे झाड़ी में पलास के पेड़ से 17 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमीरजोला निवासी देवा देहरी के पुत्र टुटुल देहरी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना परिजनों तक पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे टुटुल ने मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए अपने पिता से 350 रुपये लिए और अमड़ापाड़ा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच बुधवार शाम करीब चार बजे कुछ बच्चों की नजर सड़क किनारे झाड़ी में पेड़ से लटके शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना के एसआई काबिन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। मृतक के पिता ने बताया कि उनके दस बच्चे हैं, जिनमें टुटुल तीसरा बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया था।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!