Search

July 30, 2026 7:02 pm

अवैध खनन, परिवहन पर प्रशासन का ‘ऑपरेशन सख्ती’, डीसी ने कहा- नियम तोड़े तो कार्रवाई तय

कोयला चोरी से लेकर अवैध परिवहन तक पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ने बढ़ाई रात की गश्ती और संयुक्त छापेमारी के निर्देश।

पाकुड़। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अब कार्रवाई और तेज करने की तैयारी कर ली है। गुरुवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की रणनीति तय की गई। डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खनन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करें। उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को मेजर और माइनर मिनरल्स से जुड़े नियमों का गहन अध्ययन करने के साथ खनिज परिवहन करने वाले वाहनों और चालानों की नियमित सघन जांच करने का निर्देश दिया। संदिग्ध गतिविधि या अवैध खनन की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी देकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने, कोयला लदे सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर परिवहन कराने और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीसी ने खदानों के औचक निरीक्षण, चेकपोस्ट पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा। एनजीटी के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के साथ 15 अक्टूबर तक निर्धारित मानकों का अनुपालन कराने का निर्देश भी दिया गया। एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को नियमित सघन वाहन जांच, रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने और प्रशासन व खनन विभाग के साथ समन्वय कर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!