Search

May 25, 2026 11:27 pm

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, लाखों की लूट और गर्भवती महिला से मारपीट, 17 पर केस।

इकबाल हुसैन

महेशपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद और आपसी रंजिश को लेकर मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अलग-अलग गांवों में हुई तीन घटनाओं में घर में घुसकर हमला, महिलाओं के साथ मारपीट, नकद रुपये व सामान लूटने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने कुल 17 आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला गोविंदपुर गांव का है। गांव निवासी देवरम मरांडी ने महेशपुर थाना में दिए आवेदन में बताया कि 05 मई की सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर के बगल की जमीन पर नया मकान बनवा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग लोहे का रॉड और लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए देवरम मरांडी और उनकी मां के साथ मारपीट की। सिर पर वार कर घायल कर दिया तथा मकान नहीं बनाने देने और जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घर में रखे निर्माण कार्य के लिए एक लाख रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये मूल्य का 30 पीस रॉड भी आरोपी जबरन उठा ले गए। मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 76/2026 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
दूसरा मामला भी गोविंदपुर गांव का ही है। रंजीत मरांडी ने शिकायत में कहा है कि 05 मई की सुबह करीब 10:05 बजे चार लोग उनके घर में घुस आए और जमीन खाली करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। रंजीत मरांडी ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कई बार धमकी दे चुके हैं। इस मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 77/2026 दर्ज किया गया है। वहीं तीसरी घटना हरीशपुर गांव की है। यहां सलीमुद्दीन अंसारी ने घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आवेदन के अनुसार 15 मई की रात करीब 12 बजे आरोपी गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उनकी पत्नी रजिया बीबी, जो पांच माह की गर्भवती हैं, के साथ भी मारपीट की गई। धक्का देने से उन्हें चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि बचाव के दौरान हाथ में चोट लगने से खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 78/2026 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!