पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमपुर गांव में एक विवाहिता के घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता हेलेना खातून की शिकायत पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए इसे पाकुड़ टाउन थाना स्थानांतरित कर दिया गया है। घटना 3 मई की सुबह करीब छह बजे की बताई गई है। पीड़िता के अनुसार, विक्रमपुर निवासी अशरफ शेख, शरीफा बीबी, रोनी शेख, किरण शेख और सीतापहाड़ी निवासी शमशुल शेख जबरन उनके घर में घुस आए। घर में घुसते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर पीड़िता को धक्का देकर गिरा दिया।
आरोप है कि किरण शेख ने लोहे की रॉड से पीड़िता के ससुर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर में सात टांके लगाए गए। वहीं, शमशुल शेख ने पीड़िता की सास के साथ भी मारपीट की।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए लज्जा भंग करने का प्रयास किया, दुपट्टा खींचकर फेंक दिया और दुष्कर्म की धमकी दी। घटना के दौरान पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में कांड संख्या 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं—हत्या का प्रयास, घर में जबरन प्रवेश, महिला की लज्जा भंग और आपराधिक धमकी—के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसआई रोहित कुमार भंडारी को जांच अधिकारी बनाया गया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।






