सतनाम सिंह
माननीय उच्च न्यायालय रांची के निर्देश पर शनिवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह की अध्यक्षता में किया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक न्यायिक पदाधिकारी, कर्मियों और अधिकारियों ने मिलकर पूरे परिसर की सफाई की। यह अभियान रविवार को भी जारी रहेगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि न्यायालय में आने वाले वादी-प्रतिवादी और अधिवक्ताओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे न्यायालय परिसर स्थित शौचालय में उपलब्ध ऑटोमैटिक सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का लाभ उठाएं, जिसमें ₹5 में या मुफ्त में पैड उपलब्ध हैं।
गौरतलब है कि एक वर्ष पहले इसी दिन व्यवहार न्यायालय में वर्नरेबल डिपॉज़िशन सेंटर, डिस्पेंसरी, विटनेस शेड और वेंडिंग मशीन का उद्घाटन हुआ था। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत चंद्र, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्जवल बेक समेत कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।





