पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर की कार्रवाई।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। थाना क्षेत्र में सड़क पर घूम रहे मवेशियों को चोरी कर वाहन से ले जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। घटना 25 जून 2026 की है, जब एसआई चंदन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश साहा (43 वर्ष), पिता श्यामचंद साहा, ग्राम हाथकाठी, थाना हिरणपुर और आरिफ अंसारी (19 वर्ष), पिता सादिक अंसारी, ग्राम बासकेन्द्री, थाना महेशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मवेशी चोरी और पशु क्रूरता अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनूप रौशन भेंगरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कैलाश साहा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से पांच मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी इस तरह के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।






