पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने हिरणपुर के उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय मोहनपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 148 व 149 तथा अमड़ापाड़ा के मध्य विद्यालय फतेहपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 201 पर अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने एएसडीडी सूची, लंबित गणना प्रपत्र, घर-घर सत्यापन, बूथवार डिजिटाइजेशन और बीएलए-2 के बैठक रजिस्टर की जांच की। उन्होंने मोहनपुर के बूथ संख्या 148 और 149 पर लंबित डिजिटाइजेशन कार्य को अगले दो दिनों में शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और गणना प्रपत्रों को सुरक्षित रखने को कहा। बीएलओ सुपरवाइजर फखरे आजम ने बताया कि उन्हें आवंटित बूथ संख्या 144 और 150 का डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर लिया गया है। इस पर डीसी ने संतोष जताते हुए अन्य बूथों पर भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाना है। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीडीओ अमड़ापाड़ा, सीओ, बीएलओ सुपरवाइजर समेत संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।






