पाकुड़: जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए पाकुड़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन जीवन’ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने 19 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल आठ मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने 53.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ना और इसके अवैध कारोबार में शामिल तस्करों व सप्लायरों पर सख्त कार्रवाई करना है। अभियान के तहत मुफसिल और हिरणपुर थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में ब्राउन शुगर और गांजा की अलग-अलग खेप बरामद की गई। पुलिस ने झिकरहाट्टी निवासी सादुल शेख, रानीपुर निवासी अफसर शेख, तारापुर निवासी कृष्णा कुमार साहा, हाथकाठी निवासी सूरज कुमार दुबे और रानीपुर निवासी भोला साहा समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। एसपी के निर्देश पर मुफसिल थाना क्षेत्र के केकेडीएम उच्च विद्यालय झिकरहाट्टी, लिट्टीपाड़ा के सरस्वती शिशु विद्यालय और मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के नगरनवी उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार नजर रखने और मामलों की मॉनिटरिंग के लिए पुलिस निरीक्षक जॉन मुर्मू के नेतृत्व में विशेष मॉनिटरिंग टीम गठित की गई है। टीम दर्ज मामलों की निगरानी करते हुए तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। इसके अलावा सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में दूसरे थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों से भी छापेमारी कराई जा सकती है। सूचना सही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पाकुड़ पुलिस के सभी पदाधिकारी और कर्मियों को नशामुक्त जिला बनाने के लिए शपथ दिलाने की भी तैयारी है। पुलिस विभाग ने कहा है कि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी की नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पाकुड़ पुलिस ने आम लोगों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। इसके लिए 06435-222269 और 9262998612 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही जिले को नशामुक्त बनाया जा सकता है।
Related Posts

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को डॉ. तनवीर आलम का संदेश- बूथ स्तर पर मजबूत हो संगठन, युवाओं की भागीदारी से मिलेगी नई ताकत।





