26 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिए गए, आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान
सतनाम सिंह
पाकुड़ के सोनाजोड़ी में स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा आयोजित 10 दिवसीय अचार, पापड़ और मसाला पाउडर निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में 26 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिए गए।
आरसेटी पाकुड़ के निदेशक राजेश कुमार मिश्रा, जिला प्रबंधक (एंटरप्राइजेज प्रमोशन) शुभम कुमार सिंह, विरेन्द्र कुमार और वरिष्ठ संकाय अमित कुमार बर्धन ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र दिए।
इस अवसर पर मिश्रा ने प्रशिक्षुओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और बैंक से सहायता करने की बात कही। शुभम कुमार सिंह ने प्रशिक्षण का लाभ उठाकर व्यवसाय शुरू करने की अपील की। विरेन्द्र कुमार ने कहा कि अचार, पापड़ और मसाला पाउडर का व्यवसाय कर आय में वृद्धि हो सकती है।
आरसेटी के वरिष्ठ संकाय अमित कुमार वर्धन ने कहा कि प्रशिक्षुओं को अचार, पापड़ और मसाला पाउडर निर्माण की जानकारी के साथ-साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंकिंग, बीमा आदि से संबंधित जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मूल्यांकन नेशनल एकेडमी ऑफ रुदसेटी द्वारा प्रतिनियुक्त अधिकारी अरुण नाथ तिवारी और बनपलाशी सरकार द्वारा किया गया। प्रशिक्षक रंजू देवी थीं।






