परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, सीओ और बीडीओ से मुलाकात कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल रखने पर दिया जोर।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। झामुमो नेता दिनेश मुर्मू का शव मिलने के बाद शुक्रवार को भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करने, मौत के कारणों का पता लगाने और दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। गौरतलब है कि दिनेश मुर्मू बीते 30 सितंबर से लापता थे। गुरुवार को उनका शव सुराजबेड़ा गांव के समीप धान के खेत से बरामद किया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। बाबुधन मुर्मू ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर मामले की गंभीरता से जांच करने और घटना की सच्चाई सामने लाने पर जोर दिया।
एसआईआर में गरीबों के हितों का ध्यान रखने की मांग।
दिनेश मुर्मू के परिजनों से मुलाकात के बाद बाबुधन मुर्मू ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लिट्टीपाड़ा के अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में गरीबों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की कमी या प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण किसी भी पात्र मतदाता को कठिनाई का सामना न करना पड़े। ऐसे लोगों को उचित मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए और लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। बाबुधन मुर्मू ने कहा कि दिनेश मुर्मू की मौत के मामले में सच्चाई सामने आना जरूरी है। वहीं, एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को आम लोगों के लिए सहज और परेशानी मुक्त बनाया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने राजमहल के पूर्व सांसद स्वर्गीय सोम मरांडी की धर्मपत्नी से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।






