Search

February 18, 2026 11:15 am

फर्जी दस्तावेज से आधार बनाने का गोरखधंधा उजागर, सीएसपी संचालक गिरफ्तार

बाहरी को स्थानीय बनाने का खेल बेनकाब।

पाकुड़। ग्राम काकरबोना स्थित मोस्ताक शेख के सीएसपी (कॉमन सर्विस प्वाइंट) में अवैध रूप से आधार नवीकरण और सुधार किए जाने की सूचना पर प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आधार नवीकरण/सुधार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। मौके से सीएसपी संचालक मोस्ताक शेख को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मोस्ताक शेख ने स्वीकार किया कि उसका भाई सब्बीर शेख, जिसके पास जिला साहेबगंज (पटना) का आईडी है, उसी आईडी का दुरुपयोग कर आसपास के गांवों के लोगों का आधार नवीकरण और सुधार करता था। इस मामले में जिला परियोजना पदाधिकारी, यूआईडीएआई कार्यालय के रितेश कुमार श्रीवास्तव के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी मोस्ताक शेख को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से जिले में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। झारखंड की हकीकत और जीडी न्यूज लाइव ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम साइमन मारंडी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी, जिसने कई सीएसपी केंद्रों पर छापेमारी की। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगने से अधिकांश केंद्र बंद मिले थे। अब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे आधार कार्ड बनाए जाने के मामले में सीएसपी संचालक की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि जिले में यह गोरखधंधा संगठित तरीके से चल रहा था। सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और विशेष रूप से पाकुड़ प्रखंड का नाम प्रमुख रूप से सामने आया था, जहां बाहरी लोगों को स्थानीय बनाने के लिए मोटी रकम वसूली जा रही थी। सूत्रों का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी संगठित सिंडिकेट की भूमिका हो सकती है। इस नेटवर्क का पर्दाफाश करना अब जिला प्रशासन और पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर