मृतक की पहचान महेशपुर निवासी संजीव ठाकुर के रूप में हुई है।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ : थाना क्षेत्र स्थित बांसलोई नदी के कौशिक घाट में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अमड़ापाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के हरिशपुर गांव निवासी बद्रीनाथ ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र संजीव ठाकुर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। वहीं सूचना पाकर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजीव ठाकुर लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। कुछ दिन पूर्व ही वह इलाज कराकर दुमका से घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







