Search

September 29, 2026 5:04 pm

आकांक्षा परीक्षा केंद्रों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता व अनुशासन के साथ परीक्षा कराने का निर्देश।

पाकुड़: जिले में आयोजित आकांक्षा परीक्षा 2026 के सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने रविवार को पीएम श्री हरिणडांगा 10+2 विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और केंद्र प्रभारियों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिले में आकांक्षा परीक्षा चार केंद्रों— पीएम श्री हरिणडांगा उच्च विद्यालय, जीदातो मिशन स्कूल, रानी ज्योतिर्मय उच्च विद्यालय तथा मध्य विद्यालय धनुषपूजा में आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 1188 परीक्षार्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 821 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 367 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षा परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें सफल होने वाले छात्रों को रांची में रहकर मेडिकल, सीएलएटी और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्चस्तरीय तैयारी का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती तथा एडीपीओ पीयूष कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!