सम्पूर्ण कागजात के साथ करें क्रेशर मशीन का संचालन व पत्थर का भंडारण,अन्यथा की जाएगी कार्रवाई, उपायुक्त।
जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सम्पन्न हुई
सतनाम सिंह
उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने अवैध कोयला, अवैध पत्थर, अवैध बालू उठाव, अवैध खनन, अवैध भंडारण के रोकथाम के लिए पूर्व के बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन की बिन्दुवार समीक्षा करतें हुए जिला खनन पदाधिकारी के द्वारा की गई कार्रवाई का ब्यौरा लिया। साथ ही जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन करने वालो पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने डीटीओ, डीएमओ, सीओ, मोटरयान निरीक्षक, थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी माइंस एवं क्रशर का औचक निरीक्षण कर देखें कि वहां सीसीटीवी लगा हुआ है या नहीं, नहीं लगे रहने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसका प्रतिवेदन 15 दिनों के अंदर अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध करायें। साथ ही अवैध खनन व परिवहन कार्य में कोई भी लोग संलिप्त पाए जाते हैं तो उसके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने को कहा। जांच के दौरान कोई भी वाहन बिना चालान या ओवरलोडिंग पाए जाते हैं तो,वैसे वाहन मालिक एवं जिस क्रशर से लोडिंग हुआ है, उस क्रशर को भी सील करते हुए एफआईआर 24 घंटे के अंदर करना सुनिश्चित करें। साथ ही साथ उपायुक्त ने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन विभिन्न क्रशरों में औचक निरीक्षण के साथ छापेमारी अभियान चलाएं। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा अधिकारियों को जिले के अलग-अलग क्षेत्र में संचालित क्रशर की जांच करने एवं बिना अनुमति अथवा अवैध तरीके से क्रेशर का संचालन करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने एवं तत्काल रूप से अवैध क्रशरों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही कोल कम्पनियों को निर्देश दिया गया कि सभी कोयला लदे वाहनों में कम्पलीट कवर लगाकर ही ढुलाई करें। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर, जिला खनन पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार,पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद, सभी अंचलाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी समेत अन्य उपस्थित थे।






