पाकुड़ जिले में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का गठन किया है, जिससे खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में राकेश मरांडी (मो. 9304773442) और श्रीजल मुर्मू (मो. 7482924365) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सभी प्रखंडों में कनीय एवं सहायक अभियंताओं की तैनाती कर संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर शिकायतों का तुरंत निपटारा हो सके। वहीं, शहरी क्षेत्र में पाकुड़ नगर परिषद के 21 वार्डों में निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने के लिए अलग से हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसके तहत राजस्व निरीक्षक सौरभ कुमार (मो. 7004372129) और कर संग्रहकर्ता शमशेर अंसारी (मो. 9304501204) को जिम्मेदारी दी गई है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि गर्मी के दौरान पेयजल की समस्या से निपटना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जहां भी जलापूर्ति या चापाकल से जुड़ी समस्या हो, उसकी सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिकायतों का तेजी और गुणवत्ता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर घर तक समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो और किसी भी व्यक्ति को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।






