Search

June 24, 2026 11:01 pm

अवैध खनन व परिवहन पर जिला प्रशासन का कड़ा रुख, “जीरो टॉलरेंस” के तहत सख्त एक्शन का ऐलान

टास्क फोर्स बैठक में डीसी-एसपी के निर्देश—हर स्तर पर निगरानी तेज, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई।

पाकुड़। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू कर दी है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 1 अप्रैल से 8 मई तक चलाए गए अभियान की समीक्षा की गई। इस दौरान 22 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 7 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि पाकुड़ इंटर-स्टेट बॉर्डर जिला होने के कारण विशेष सतर्कता जरूरी है। सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को खनन नियमों का गहन अध्ययन करने और वाहनों व चालानों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने और बिना विलंब कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। उन्होंने चेकनाका की नियमित जांच, मापी व सर्वे कार्य में तेजी तथा पुलिस, प्रशासन, परिवहन व खनन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने भी अवैध खनन से जुड़े मामलों में FIR दर्ज करने में ढिलाई नहीं बरतने और लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस सख्ती से आने वाले दिनों में अवैध खनन पर और प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!