Search

May 3, 2026 9:11 pm

एबीवीपी की जिला बैठक संपन्न, ‘सकोरा अभियान’ और करियर काउंसलिंग पर बनी ठोस रणनीति।

राजकुमार भगत

पाकुड़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पाकुड़ जिला की महत्वपूर्ण बैठक नगर कार्यालय में जिला संयोजक सुमित कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रखंड व नगर इकाइयों के पुनर्गठन पर विचार किया गया, साथ ही प्रदेश अभ्यास वर्ग और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
मुख्य वक्ता प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल शैक्षणिक समस्याओं तक सीमित नहीं, बल्कि छात्र शक्ति को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘ज्ञान, शील, एकता’ के आदर्शों के साथ हर परिसर तक पहुंचने का आह्वान किया। कॉलेज अध्यक्ष दुलाल चंद्र दास ने महाविद्यालय की समस्याओं व परिषद के ज्ञापन पर हुई प्रगति की समीक्षा की। जिला जनजातीय कार्य प्रमुख चंदन पहाड़िया ने बताया कि ग्रीष्मावकाश में व्यक्तित्व विकास शिविर और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, प्रदेश विकासार्थ विद्यार्थी सहसंयोजक गुंजन तिवारी ने शैक्षणिक परिसरों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था हेतु ‘सकोरा अभियान’ चलाने की घोषणा की। नगर कला मंच संयोजक राजेश मंडल ने छात्रों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए नृत्य प्रशिक्षण और चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सन्नी तिवारी समेत विनीत जायसवाल, दिनेश पंडित, अंशु कुमार साहा, सूरज साहा, आयुष चौरसिया, कुणाल सिंह, सूरज चौधरी, राजेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!