पाकुड़िया (पाकुड़)। भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पाकुड़िया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार, पाकुड़िया थाना क्षेत्र के कर्मनाला गांव में बीते दिनों पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष के बयान पर पाकुड़िया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को नामजद चारों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्मनाला गांव निवासी आसना देहरी, बिरजू देहरी, मेलो देहरी और मोटा देहरी के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें पाकुड़ न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर चारों को न्यायिक हिरासत में पाकुड़ मंडल कारा भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।







