मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने दी बधाई, बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर होगा फोकस
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता हेमलाल मुर्मू को लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने पर बुधवार को लिट्टीपाड़ा में भव्य स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय सचिव सह बरहेट विधायक और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने लिट्टीपाड़ा में हेमलाल मुर्मू को लिट्टीपाड़ा से पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने पर उन्हें बुके भेंट कर और माला पहनाकर स्वागत कर बधाई दी। कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है, जो कार्यकर्ता और जनता की अनदेखी करेगा उसे लिट्टीपाड़ा का हाल दिखेगा। हेमलाल मुर्मू और पंकज मिश्रा दोनों नेता का गुमा मोड़ पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, फिर सिद्धू कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित की। हेमलाल ने कहा कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को जनता को उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। खास कर पीने का पानी और शिक्षा में सुधार करना उनकी प्राथमिकताओं की सूची में होगी। दोनों नेता का लिट्टीपाड़ा चौक पर भी भव्य स्वागत किया गया ।लिट्टीपाड़ा चौक पर स्थित सिद्धू कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर झामुमो के जिला अध्यक्ष श्याम यादव, जिला सचिव सुलेमान बास्की, संगठन प्रभारी अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष समद अली, हरिवंश चौबे, सुशील भगत, संजय रजक, छोटू भगत, मंटू भगत, सीताराम भगत, जोसेफिना हेंब्रम, रंजन साहा संतोष मरांडी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।








