अक्षय कुमार
रामगढ़। शनिवार 5 जुलाई की देर रात गोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौमांस और पशुओं के चमड़े से लदे एक अवैध ट्रक की जब्ती ने एक बार फिर इस घिनौने और अवैध कृत्य पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। इस मामले पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने स्थानीय प्रशासन, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गौ-तस्करों के गठजोड़ पर तीखा हमला बोला है। दीपक मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि ‘झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005’ के तहत राज्य में गौ-हत्या और गोवंश के मांस-चमड़े के परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद, रामगढ़ और गोला का क्षेत्र आज गौ-तस्करों के लिए ‘सेफ कॉरिडोर’ बन चुका है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, “यह अवैध धंधा बिना प्रशासनिक मिलीभगत और स्थानीय राजनेताओं के संरक्षण के संभव ही नहीं है। पुलिस और प्रशासन की नाक के नीचे रात के अंधेरे में गौमांस से लदे ट्रक पार हो रहे हैं, और हमारी आस्था को सरेआम ठेस पहुंचाई जा रही है।

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल और स्थानीय विधायक ममता देवी को आड़े हाथों लेते हुए दीपक मिश्रा ने उन पर लुट-खसोट और अवसरवादिता की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने इन नेताओं को विकास और सुरक्षा के लिए चुना था, लेकिन आज इनकी ‘लुट-खसोट वाली राजनीति’ के कारण पूरा क्षेत्र अपराधियों और तस्करों का चारागाह बन चुका है। सांसद और विधायक केवल चुनावों में खोखले वादे करते हैं, जबकि धरातल पर सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे कुकृत्य धड़ल्ले से फल-फूल रहे हैं। कहने को तो भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे का विरोधी रहा है लेकिन रामगढ़ जिले में भाजपा सांसद ने कांग्रेसी मानसिकता वाले लोगों को अपना प्रतिनिधि बनाकर हर अवैध धंधे में अपनी हिस्सेदारी फिक्स कर रखा है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी जनप्रतिनिधियों की इस चुप्पी से साफ है कि उन्हें जनता की आस्था से कोई सरोकार नहीं है, वे केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और मलाई काटने में व्यस्त हैं। हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय गोला थाना और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक जनता या सामाजिक संगठन आवाज नहीं उठाते, तब तक प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया रहता है। शनिवार रात को पकड़े गए अवैध ट्रक का मामला तो सिर्फ बानगी है; इसके पीछे एक बहुत बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है, जिसे स्थानीय पुलिस का मौन समर्थन प्राप्त है। श्री मिश्रा ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि हिंदू रक्षा दल इस कुकृत्य को चुपचाप नहीं देखेगा। उन्होंने मांग की है कि इस तस्करी के पीछे शामिल मुख्य सरगनाओं, गाड़ी मालिकों और उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोशों को 48 घंटे के भीतर बेनकाब कर जेल भेजा जाए। यदि प्रशासन ने इस मामले को दबाने की कोशिश की या लीपापोती की, तो हिंदू रक्षा दल पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र और रामगढ़ जिले में चक्का जाम करेगा और उग्र जन-आंदोलन की शुरुआत करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और यहां के भ्रष्ट जनप्रतिनिधियों की होगी।
Related Posts

शांति नगर में जले हुए 100 KVA विद्युत ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर 12 घंटे के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई




