पाकुड़। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाते हुए पाकुड़िया थाना के सामने तथा सिद्धो-कान्हू चौक सहित विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर एसआई रामप्रसाद सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा पत्र, हेलमेट की अनिवार्यता तथा वाहनों की डिक्की की भी जांच की। इस दौरान कई वाहन चालकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया। एसआई रामप्रसाद सिंह ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, एक बाइक पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं तथा सभी वैध कागजात साथ रखें। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा या अन्य कागजात नहीं पाए गए, उनके वाहनों को अस्थायी रूप से रोक लिया गया। बाद में कागजात प्रस्तुत करने और आवश्यक हिदायत देने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। पुलिस की इस सख्ती से क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ी है, वहीं नियम तोड़ने वालों में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही।






