Search

September 3, 2026 9:44 pm

एमएमडीआर बिल के खिलाफ झामुमो का जनजागरण तेज, 7 सितंबर को जुटेंगे कार्यकर्ता

पांच पंचायतों में बैठक कर ग्रामीणों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील।

सानू कुमार

महेशपुर। एमएमडीआर अमेंडमेंट एक्ट 2026 के विरोध में झामुमो का जनजागरण अभियान महेशपुर प्रखंड में तेज हो गया है। गुरुवार को रोलाग्राम, पथरिया, तेलियापोखर, बड़कियारी और सीतारामपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में बैठक कर ग्रामीणों को बिल के संभावित प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही 7 सितंबर को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। रोलाग्राम पंचायत के महेशगढ़िया में सांसद प्रतिनिधि सह पर्यवेक्षक कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम और जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां ने कहा कि अपने हक-अधिकार और राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों का जागरूक व एकजुट रहना जरूरी है। उन्होंने एमएमडीआर एक्ट के प्रावधानों से झारखंड के हितों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर संभावित असर की बात कही।
पथरिया में मैईनुद्दीन अंसारी व राजू अंसारी, तेलियापोखर में कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम व शिवानी टुडू तथा सीतारामपुर-बड़कियारी में रूहुल अमीन, मैईनुद्दीन अंसारी, आलम अंसारी व मृणाल हांसदा के नेतृत्व में बैठकें हुईं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिल के प्रावधानों और संभावित प्रभावों को लेकर गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नेताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के लिए 7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील की। बैठकों में प्रधान संजय किस्कू, अनिल मुर्मू, दुखिया राय समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!