सुदीप कुमार त्रिवेदी
हिंदू नववर्ष के आगमन पर ही त्योहारों व पर्वो की शुरुआत हो जाती है । इस मौसम में इन दिनो नवरात्र की धूम है और हर ओर राममय वातावरण दिखता सा प्रतीत हो रहा है । नवरात्र के इस पावन अवसर पर एक ओर जहां रामनवमी की तैयारी चल रही है तो वहीं दूसरी ओर कलशयात्रा निकाली जा रही है । इसी क्रम में आज पाकुड़ जिला मुख्यालय स्थित वार्ड नंo 3 के छोटी अलीगंज मोहल्ले में होने वाले श्री श्री वासंती चैती दुर्गा पूजा समिति की ओर से सप्तमी के पावन अवसर पर कलशयात्रा निकाली गई। छोटी अलीगंज मोहल्ले के श्री श्री वासंती चैती दुर्गा पूजा समिति की ओर से निकाली गई कलशयात्रा में मोहल्ले की सैकड़ों कन्याओं ने अपने सिर पर कलश को धारण करते हुए कलशयात्रा की सहभागी बनी । उक्त कलशयात्रा छोटी अलीगंज मोहल्ले से प्रातः 8:00 बजे निकली और शहर के मुख्य मार्ग के पुराना सदर अस्पताल, पाकुड़ कोर्ट, भगतपाड़ा, हाटपाड़ा, बिरसा चौक होते हुए कालीभसान छठ तालाब पहुँची जहाँ कलश में पवित्र जल भरकर पुनः कलशयात्रा अपने नियत स्थान छोटी अलीगंज पहुँची । कलशयात्रा के दौरान पूजा समिति के सदस्यगण काफी सक्रीय दिखे ताकि कलशयात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर कोई व्यवधान ना हो । कलशयात्रा के वापस मंदिर प्रांगण में पहुँचने पर पूजा समिति की ओर से तमाम कलशधारी कन्याओ व कार्यकर्ता को ठंडी शर्बत पिलाई गई । गौरतलब हो कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नं 3 में अवस्थित छोटी अलीगंज मोहल्ले के श्री श्री वासंती चैती दुर्गा पूजा समिति के बैनर तले पिछले 30 वर्षों से चैती दुर्गा पूजन का आयोजन हो रहा है । इस अवसर नवमी के दिनो में मंदिर प्रांगण में भव्य मेला का भी आयोजन किया जाता है एवं माता रानी के पूजन के पश्चात महाप्रसाद खिचड़ी का वितरण किया जाता है । उक्त अवसर पर पूरे पाकुड शहर से भक्तगण महाप्रसाद ग्रहण करने आते हैं ।







