Search

July 15, 2026 12:35 am

जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला पर धारदार हथियार से हमला; घर जलाने का भी आरोप

पाकुड़। जिले के रहसपुर गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। हमले में 48 वर्षीय मरजीना बीबी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित मुस्लोदीन ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि रिश्तेदार स्वर्गीय जयनाल आवेदिन की पत्नी अंगूरा बीबी तथा अस्माउल ने विवादित जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी है। इस मामले में उन्होंने पहले से ही न्यायालय में वाद दायर कर रखा है। बताया जाता है कि उक्त जमीन सैफुल मास्टर ने अपने माता-पिता के नाम पर खरीदी है। मुस्लोदीन का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने से नाराज सैफुल मास्टर अपने करीब 10 सहयोगियों के साथ रविवार देर रात उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर मारपीट की और धारदार हथियार से उनकी पत्नी मरजीना बीबी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि स्थानीय लोगों के जुटने पर बड़ी घटना टल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!