5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची, डीईओ ने कहा- अंतिम समय का इंतजार न करें
पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया में अब महज पांच दिन शेष रह गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने अब तक गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे बिना देर किए अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें और उसे सही-सही भरकर आवश्यक हस्ताक्षर के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर गणना प्रपत्र जमा करना प्रत्येक पात्र मतदाता की जिम्मेदारी है, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण सुचारु और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।
5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में पात्र मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र जमा करने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अंतिम दिनों में होने वाली भीड़ और असुविधा से बचने के लिए मतदाताओं से जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। यदि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है या प्रक्रिया से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वह तत्काल अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकता है। जरूरत पड़ने पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के कार्यालय से भी जानकारी ली जा सकती है। उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की बुनियाद है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे लोगों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।






