Search

September 26, 2026 11:51 am

ढिलाई नहीं चलेगी, प्राक्कलन समिति का कड़ा एक्शन, सुस्त योजनाओं पर अधिकारियों की क्लास

समीक्षा बैठक में खुली लेटलतीफी की परतें, जमीनी जांच से तय होगी जिम्मेदारी और रफ्तार।

झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने धनबाद में चल रही सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई है। मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह लिट्टीपाड़ा विधायक माननीय श्री हेमलाल मुर्मू जी ने की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि योजनाओं में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण करें। बैठक में बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान जिले में विभिन्न विभागों के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, देरी के कारण और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने अधिकारियों से योजनावार विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा और स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कार्यों में गति लाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान टुंडी विधायक मथुरा महतो ने अपने क्षेत्र की लंबित योजनाओं का मुद्दा उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं, अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को समिति के समक्ष रखा।
समिति के अध्यक्ष हेमलाल मुर्मू ने बताया कि समीक्षा के दौरान सामने आए बिंदुओं का गहन अध्ययन किया जाएगा और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। बुधवार को प्राक्कलन समिति की टीम जिले में चयनित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेगी, ताकि जमीनी हकीकत का आकलन कर आगे की कार्रवाई तय की जा सके। बैठक में आपूर्ति, शिक्षा, कल्याण, खेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!