पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के नामुपाड़ा, हिरणडांगा बाजार में एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पीड़ित हृदय भास्कर ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे वे अपने परिवार के साथ श्राद्धकर्म में शामिल होने तलवडांगा गए हुए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे लौटे, तो घर का मुख्य गेट टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। चोर घर में रखे करीब चार लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में पायल, चांदी के सिक्के, चांदी की अंगूठी समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं। कुल नुकसान का अनुमान करीब सात लाख रुपये लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना से एएसआई चुन्दा हंसता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इस दौरान वार्ड पार्षद संख्या 15 के पति बबलू सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। हर बंद घर अब चोरों के निशाने पर है, जिससे आमजन में भय का माहौल गहराता जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।








