आम लोगों को हो रही परेशानी
सुदीप कुमार त्रिवेदी
पाकुड़ जिला मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर पिछले कई माह से लगातार 10 रूपये के पोस्टल ऑर्डर के अभाव के दंश को झेल रहा है । इस अभाव के कारण आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । बताते चले कि डिजिटल मीडिया के इस जमाने में आज भी पोस्ट ऑफिस आर्थिक रूप से कमजोर लोगो के लिए संचार माध्यम का एक अहम हिस्सा बना हुआ है और दूसरी बात की पाकुड़ जिला मुख्यालय होने के कारण यहां सुदूरवर्ती इलाकों से ग्रामीण लोग अपने दैनंदिनी कार्य हेतु आते हैं । इधर पिछले कई महीनों से प्रधान डाकघर पाकुड़ में 10 व 20 रूपये के पोस्टल ऑर्डर की कमी लगातार बताई जा रही है । इस स्थिति में वैसे उपभोक्ता जिनको मात्र केवल 10 रूपये के पोस्टल ऑर्डर की ही जरूरत होती है उनको भी जबर्दस्ती 50 रूपये का पोस्टल ऑर्डर थाम दिया जाता है एवं साथ ही पाँच रुपये कमीशन भी देना पड़ता है जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर लोगो को 10 की जगह 55 रूपये का चपत लगता है । इस बाबत प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर प्रदीप कुमार से जब डाकघर जाकर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके यहाँ 50 रूपये का ही पोस्टल ऑर्डर उपलब्ध है । पूछे जाने पर उन्होंने आगे बताया कि जरूरत के हिसाब से वे दुमका पोस्ट ऑफिस से दूरभाष पर जानकारी दे देते हैं । सूत्र बताते हैं कि पोस्टल ऑर्डर हेतु अधीनस्थ डाकघर की ओर से इनवाइस भेजा जाता है । खैर आगे की पूछताछ करने पर पाकुड़ प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर प्रदीप कुमार ने दुमका डाकघर के अधिकृत पदाधिकारी से 10 व 20 रूपये के पोस्टल ऑर्डर भेजे जाने का मौखिक अनुरोध किया । वहीं इस मुद्दे पर दुमका डाकघर के अधिकृत पदाधिकारी चंद्रशेखर मंडल से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व ही पाकुड़ डाकघर के लिए 200 पीस 10 रूपये के पोस्टल ऑर्डर भेज दिए गए हैं जो कि आगामी सोमवार तक संबंधित डाकघर को उपलब्ध हो जाएँगे।






