प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। विधायक हेमलाल मुर्मू ने रविवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की श्रृंखला की शुरुआत करते हुए करोड़ों रुपये की सड़क योजना का शिलान्यास किया, विभिन्न स्थानों पर सोलर लाइट परियोजनाओं का उद्घाटन किया तथा सरकारी साइकिल योजना के तहत विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया। रघुनाथपुर में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 4.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली रघुनाथपुर-त्रिकोणी-हजारपुरा आरईओ सड़क का विधायक ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इससे पूर्व ग्राम प्रधान दरबारी मरांडी एवं नायकी कार्तिक किस्कू ने आदिवासी परंपरा के अनुसार मरांग बुरू, गोसाई ऐरा और जाहेर ऐरा की पूजा-अर्चना की। यह 4.90 किलोमीटर लंबी सड़क बनने के बाद दर्जनों गांवों को प्रखंड मुख्यालय और हिरणपुर बाजार से बेहतर संपर्क मिलेगा। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों के विकास की आधारशिला है। उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की। इसके बाद विधायक ने मोहनपुर चौक, कुंजबोना गांव तथा प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित एलईडी आधारित हाईमास्ट सोलर लाइट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीणों को रात के समय सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी।
जरेडा के कार्यपालक अभियंता नेसिथ गौतम ने बताया कि प्रखंड के 22 गांवों में सोलर लाइट लगाई गई है। सभी लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी संवेदक को दी गई है तथा प्रत्येक पोल पर टोल-फ्री नंबर अंकित किया जाएगा, ताकि खराबी की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई हो सके। प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कक्षा आठ के विद्यार्थियों के बीच सरकार की साइकिल योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय जाने, मेहनत से पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बीडीओ संजय कुमार, सीओ पवन कुमार, जरेडा के कार्यपालक अभियंता नेसिथ गौतम, विकास मुर्मू, रंजन साहा, जालपा हांसदा, अर्जुन मड़ैया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।








