पाकुड़िया: सरजमीं-ए-पाकुड़िया में मदरसा इस्लामिया अरबिया तजवीदुल कुरआन के तत्वावधान में मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय अज़ीमुश्शान इस्लाह-ए-मुआशरा एवं तालीमी बेदारी कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महेशपुर विधानसभा के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जलसा कमेटी की ओर से मौलाना नूर अहमद कासमी, मो. मुस्ताक अहमद एवं परवेज आलम ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि सभी धर्म सच्चाई और इंसानियत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को दीनी एवं आधुनिक शिक्षा दोनों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभा सकें। उन्होंने नशा, झूठ और बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि सही मार्ग पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने राज्य में अमन-चैन, भाईचारा और सुख-शांति के लिए सामूहिक दुआ की भी अपील की।
इसके बाद कोलकाता सहित बाहर से आए कई मौलानाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, एएसआई मो. नैमुल, प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी, खुर्शीद आलम, झामुमो युवा सचिव नेगार अंसारी समेत जलसा कमेटी के हाफिज मुबारक, हाफिज शाहजहां, मो. मोताहर हुसैन, नूर इस्लाम, कमाल अंसारी, अरमान परवेज, शब्बीर अहमद, इस्माईल मियां, रिजाउल हक, मो. हाफिज, अलीमुद्दीन अंसारी, मो. फारूक, अब्दुल जब्बार सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।





