पाकुड़: पाकुड़ जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को मां विपत्तारिणी की पूजा पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में विशेषकर बंगाली समाज की महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी।वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा कराई। व्रत रखने वाली महिलाओं ने मां विपत्तारिणी को 13 प्रकार के फल, मिठाई, फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की प्रार्थना की।जिला मुख्यालय स्थित सिंहवाहिनी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। वहीं लिट्टीपाड़ा के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर, हिरणपुर, महेशपुर, पाकुड़िया सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण मंदिरों में भी मां विपत्तारिणी की पूजा श्रद्धापूर्वक की गई।पूजा के अवसर पर जिले के बाजारों में फल, फूल, मिठाई और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर अच्छी चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन और श्रद्धा से मां विपत्तारिणी की आराधना करने पर वे अपने भक्तों के सभी संकटों का निवारण कर उन्हें सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।







