अक्षय कुमार सिंह
कुजू। बाल विद्या मंदिर, आरा कोलियरी में मातृ दिवस धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य रंजीत सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया गया। मौके पर छात्राओं द्वारा उपस्थित माताओं को तिलक लगाकर और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मौके पर प्राचार्य रंजीत सिंह ने कहा कि मां वो हस्ती है, जिसके बिना घर अधूरा लगता है, मां की दुआओं में इतना असर होता है, कि टूटता हुआ इंसान भी फिर से संभल जाता है। मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि वो एहसास है जो हर दर्द में सुकून देती है। जिसके पास मां है वो दुनिया का सबसे अमीर इंसान है क्योंकि मां का प्यार अनमोल होता है, मां की ममता का कोई मोल नहीं ये वो दौलत है जो किस्मत वालों को मिलती है। मां त्याग और समर्पण की मिशाल होती है जो सुकून और शांति मां के आंचल में है वह किसी आलीशान महल में नहीं। इनका सहयोग हमारे जीवन को सुंदर और अर्थपूर्ण बनाती है।


मंच संचालिका वरिष्ठ शिक्षिका पुष्पिता कुमारी ने कहा कि माता की उपस्थिति से घर जीवंत रहता है। वहीं वरिष्ट शिक्षिका सुनीता कुमारी ने मौके पर कहा कि मां निस्वार्थ प्रेम बरसाती है और अपने अनमोल उपदेशों और शिक्षा से हमारे जीवन को अर्थपूर्ण बनाती है। इस अवसर अन्य शिक्षकगण कामेश्वर प्रसाद, कोलेश्वर महतो ,भागीरथ प्रसाद, बलराम कुमार, अशोक करमाली, बैजनाथ प्रसाद,रीता कुमारी, बबिता कुमारी ,सोनी गुप्ता, वंदना पांडे ,नेहा कुमारी सहित सैकड़ों छात्र -छात्राएं उपस्थित रहे।






