590 रूपया प्रतिदिन मानदेय पर बनी सहमति।
पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में पिछले चार दिनों से कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था ठप कर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों का गतिरोध शनिवार को समाप्त हो गया। नगर परिषद प्रशासन और आउटसोर्सिंग कंपनी आकांक्षा इंटरप्राइजेज के बीच हुई उच्च स्तरीय वार्ता में सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा तथा कंपनी के एरिया मैनेजर आलोक कुमार सिंह मौजूद रहे। विस्तृत चर्चा के बाद दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता के आधार पर सफाई कर्मियों का दैनिक मानदेय 590 रुपया निर्धारित करने पर सहमति बनी। इससे पहले कर्मियों को दिए जा रहे भुगतान और प्रस्तावित राशि को लेकर विवाद चल रहा था। सफाई कर्मियों का आरोप था कि महंगाई भत्ता बढ़ने के बाद कंपनी ने पहले 631रुपया प्रतिदिन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर 474 रूपया प्रतिदिन करने की बात कही गई, जिससे असंतोष बढ़ गया। इसके साथ ही हल्के वाहनों के संचालन के लिए भारी ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता को भी कर्मियों ने अनुचित बताते हुए विरोध जताया था। वार्ता के दौरान इस शर्त को भी समाप्त कर दिया गया। सहमति बनने के बाद सभी सफाई कर्मियों ने शनिवार शाम से ही वार्डों में सफाई और कचरा उठाव का कार्य पुनः शुरू कर दिया।









