Search

November 23, 2026 8:11 am

कोयंबटूर में चुना जाएगा विमेन इंडिया मूवमेंट का नया राष्ट्रीय नेतृत्व, झारखंड की दो महिला नेत्रियां होंगी शामिल

23 नवंबर को चौथी केंद्रीय परिषद की बैठक, देशभर से जुटेंगी 150 प्रतिनिधि।

पाकुड़। महिलाओं के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती देने के लिए ‘विमेन इंडिया मूवमेंट’ (महिला भारत आंदोलन) की चौथी केंद्रीय परिषद की बैठक 23 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित आयशा महल ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। बैठक में झारखंड से प्रदेश अध्यक्ष वाजिदा खातून और प्रदेश महासचिव माहमुदा खातून प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगी। दोनों नेता परिषद में भाग लेने के लिए रवाना हो चुकी हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के 13 राज्यों से करीब 150 प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। परिषद का सबसे अहम एजेंडा नए राष्ट्रीय नेतृत्व का चुनाव होगा। इसके अलावा संगठन के विस्तार, भविष्य की रणनीति और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। गौरतलब है कि विमेन इंडिया मूवमेंट की स्थापना 10 जनवरी 2016 को महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से हुई थी। पिछले दस वर्षों में संगठन ने देश के 13 राज्यों में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई है। संगठन जमीनी स्तर पर महिलाओं के अधिकारों, उनकी समस्याओं और समाज में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है। परिषद का उद्घाटन सुबह 11 बजे एसडीपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमके फैजी करेंगे। इस दौरान एसडीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल मजीद फैजी और यास्मीन फारूकी सहित तमिलनाडु के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष असा उमर फारूक मौजूद रहेंगे। वहीं, शाम छह बजे नवनिर्वाचित राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सम्मान में अभिनंदन सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें हजारों महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। प्रदेश सचिव हाजेरा खातून ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय परिषद में झारखंड की दो महिला पदाधिकारियों की भागीदारी राज्य के संगठनात्मक प्रतिनिधित्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!