डीएसपी कुमार गौरव ने अनजान लिंक, ओटीपी साझा करने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की दी सलाह।
पाकुड़। बाल दिवस के अवसर पर आदर्श बिल्टू मध्य विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। झालसा रांची के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा प्रभारी सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में एसडीपीओ कुमार गौरव ने बच्चों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के प्रति सचेत किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपना बैंक खाता, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख ने डालसा के माध्यम से मिलने वाली निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किन लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता पाने का अधिकार है और इसके लिए किस तरह की प्रक्रिया अपनानी होती है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमिता मरांडी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा के महत्व और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेडएच विश्वास ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
पीएचडी विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर मो. इमरान आलम ने बच्चों को सही और गलत रास्ते के बीच अंतर समझाते हुए उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पीसीआई-यूनिसेफ के जिला कोऑर्डिनेटर मो. अनीस अंसारी ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व और व्यवहार पर पारिवारिक माहौल का गहरा प्रभाव पड़ता है। परिवार में सकारात्मक वातावरण और पीढ़ियों के बीच संवाद बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
शिविर में नशा उन्मूलन, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अंजलि चौरसिया ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम के संचालन में ट्रेनर शिक्षिका सिमरन मालतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर शिक्षिका सीमा कुमारी, विद्यार्थी खुशी कुमारी राय, खुशी कुमारी गिरी, सिरीना खातून, प्रियांशु कुमारी, सुमित्रा दास, ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के महावीर लाल चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नरगिस खातून, पैरा लीगल वॉलंटियर्स पिंकी मंडल, उत्पल मंडल, नीरज कुमार राउत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।







