Search

October 7, 2026 9:17 pm

प्राइवेट स्कूलों को मात दे रहा पाकुड़ का सीएम स्कूल, मीडिया के सामने रखीं उपलब्धियां और मांगें।

बोर्ड परीक्षार्थियों को उपस्थिति में विशेष राहत, 20 दिसंबर को सजेगा ‘एलुमनी मीट’

ऑडिटोरियम और खेल मैदान की रखी मांग, शिक्षकों की कमी दूर करने की गुहार

पाकुड़: दिल्ली के सरकारी स्कूलों की तर्ज पर अब झारखंड के विद्यालयों में भी सकारात्मक बदलाव और पारदर्शिता की नई बयार बहने लगी है। बुधवार को जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (राज+2), पाकुड़ के प्रांगण में एक ऐतिहासिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। सरकारी स्कूलों के इतिहास में संभवतः पहली बार मीडिया को सीधे स्कूल प्रशासन से जोड़ते हुए प्रभारी प्राचार्य राजू नंदन साहा ने विगत सत्र की उत्कृष्ट उपलब्धियों, शैक्षणिक नवाचारों और विद्यालय की प्राथमिक आवश्यकताओं को साझा किया।
‘प्रोजेक्ट KYS’ से निखर रही प्रतिभा, प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय का परिवेश, रंग-रोगन और अनुशासन अब किसी भी प्रतिष्ठित निजी विद्यालय को मात दे रहा है। पारदर्शी त्रि-स्तरीय नामांकन प्रक्रिया के साथ-साथ देश में पहली बार यहां ‘प्रोजेक्ट KYS’ (नो योर स्टूडेंट) लागू किया गया है। इसके माध्यम से बच्चों के लेखन कौशल, व्यक्तिगत काउंसलिंग और वोकेशनल गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी शैक्षणिक माहौल का परिणाम है कि हालिया पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) में रिकॉर्ड 522 अभिभावक शामिल हुए। इसके साथ ही व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विद्यालय समितियों में स्थानीय पत्रकार संघ के एक प्रतिनिधि को शामिल करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया।

बोर्ड परीक्षार्थियों को उपस्थिति में राहत

आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है। 75 प्रतिशत उपस्थिति के अनिवार्य नियम में वास्तविक रूप से जरूरतमंद छात्रों को छूट दी जाएगी। गंभीर बीमारी अथवा राज्य/राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए एलओसी (LOC) सबमिशन में न्यूनतम उपस्थिति सीमा 50 प्रतिशत तक मान्य होगी।

शिक्षकों की प्रतिपूर्ति और आधारभूत संरचना की मांग

वार्ता के दौरान प्रभारी प्राचार्य ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से आग्रह किया कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में शिक्षकों की तत्काल प्रतिपूर्ति की जाए। विगत जून माह में कई शिक्षकों का अन्यत्र प्रतिनियोजन कर दिया गया था, जिसके संदर्भ में पत्रांक 276-78/26 (दिनांक 22.08.2026) द्वारा मांग पत्र सौंपा जा चुका है। इसके अतिरिक्त, आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम और विद्यार्थियों के शारीरिक विकास व योग के लिए सुसज्जित खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

20 दिसंबर को जुटेगा पूर्व छात्रों का कारवां

प्रभारी प्राचार्य ने आगामी 20 दिसंबर को विद्यालय के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले द्वितीय ‘एलुमनी मीट’ की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2000 से 2005 बैच के सभी पूर्व छात्रों से समारोह में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों के सिलसिलेवार जवाब दिए गए, जिनमें शुल्क संरचना, दिनचर्या, अनुशासन और शैक्षणिक रणनीति प्रमुख रहे। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष बीना दे, जनप्रतिनिधि रूपाली सरकार, शिक्षक सुशील कुमार झा, निर्मल कुमार झा, नसीम उज्जेमा, शिउली घोष, पूनम कुमारी सहित सभी शिक्षक उपस्थित थे।

IMG 20261007 WA0027

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!